NDPS: नूरपुर में सैंट्रो कार से 11.81 ग्राम चिट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
NDPS: पुलिस जिला नूरपुर के सीआईए विंग ने एनएच-154 पर छतरोली के पास एक सैंट्रो कार से 11.81 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने कार में मौजूद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वाहन और मादक पदार्थ कब्जे में ले लिया। पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
नूरपुर
एएसपी नूरपुर के अनुसार, रविवार को सीआईए पुलिस जिला नूरपुर की टीम गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि सैंट्रो कार में दो व्यक्ति हेरोइन लेकर छतरोली में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और वाहन की तलाशी ली। जांच के दौरान कार की सीट के भीतर छिपाया गया काले रंग का पॉलीथिन लिफाफा मिला, जिसमें हल्के भूरे रंग का पदार्थ रखा हुआ था।
ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद पदार्थ के चिट्टा होने के सकारात्मक संकेत मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू पर इसका वजन 11.81 ग्राम पाया गया। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और सैंट्रो कार को नियमानुसार कब्जे में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप कुमार उर्फ सैंडी निवासी गांव बासा, डाकघर एवं तहसील नगरोटा सूरियां और अंकुश निवासी वीपीओ एवं तहसील नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21 और 29 के तहत अभियोग पंजीकृत किया है। मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि बरामद मादक पदार्थ की आपूर्ति कहां से हुई और इसे आगे किसे पहुंचाया जाना था। इसके लिए आपूर्ति से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है।