NDPS / उत्तराखंड की तरफ से कार में आ रहे दो युवक भूपपुर टोल बैरियर पर पकड़े, 11 नशीली शीशियां बरामद
NDPS / पांवटा साहिब में SIU नाहन की टीम ने एक कार की तलाशी के दौरान कोडीन की 11 नशीली शीशियां बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने कार में सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों पर पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में नशीली शीशियां बेचने का आरोप है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
गुप्त सूचना के बाद भूपपुर टोल बैरियर पर कार्रवाई
पुलिस के अनुसार SIU नाहन की टीम भूपपुर टोल बैरियर पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि साहिल उर्फ गोलू और मोहसिन उर्फ शोहेब निवासी तिब्बती कॉलोनी, खेड़ा भूपपुर कथित तौर पर कोडीन की नशीली शीशियां बेचने का काम करते हैं।
हर्बर्टपुर की तरफ से कार में आने की मिली थी सूचना
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों युवक कार नंबर HP17D-1551 में उत्तराखंड के हर्बर्टपुर की तरफ से भूपपुर टोल बैरियर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कार की तलाशी ली।
तलाशी में 11 नशीली शीशियां बरामद करने का दावा
पुलिस के मुताबिक तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 11 नशीली शीशियां बरामद की गईं। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस थाना पांवटा साहिब में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच की जा रही है।