Loading...

NDPS / रोहड़ू में अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़, पांच आरोपी गिरफ्तार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 53 Mins Ago • 1 Min Read

NDPS / शिमला पुलिस ने रोहड़ू में सक्रिय बताए जा रहे अंतरराज्यीय चिट्टा सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। करीब 53 ग्राम चिट्टे से जुड़े इस मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पुलिस जांच के अनुसार नेटवर्क के तार हिमाचल प्रदेश के अलावा उत्तर प्रदेश और पंजाब से जुड़े हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे की आपूर्ति से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगा रही है।

शिमला/रोहड़ू

पुलिस के अनुसार, रोहड़ू थाना में अभियोग संख्या 31/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान रोहड़ू निवासी पिंकू राम और सुनील पुहारता को करीब 53 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों से पूछताछ और मामले की जांच आगे बढ़ाने के बाद पुलिस ने चिट्टे की आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू की। इस दौरान आरोपियों के मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल साक्ष्य और बैंक खातों में हुए लेनदेन की पड़ताल की गई।

डिजिटल साक्ष्यों और बैंक लेनदेन की जांच

पुलिस ने सप्लाई की कड़ी को पीछे की ओर जोड़ते हुए बैकवर्ड लिंकेज की जांच की। इसी आधार पर बिजनौर, उत्तर प्रदेश निवासी सलमान हैदर और काला अफगाना, जिला गुरदासपुर, पंजाब निवासी 29 वर्षीय थॉमस मसीह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, जांच में दोनों की पहचान इस नेटवर्क के मुख्य सप्लायर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर चिट्टे की आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

फॉरवर्ड लिंकेज की जांच में एक और गिरफ्तारी

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने सप्लाई की अगली कड़ी यानी फॉरवर्ड लिंकेज पर भी काम किया। इसी आधार पर रोहड़ू थाना की टीम ने 33 वर्षीय मनोज ठाकुर उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव करालश, डाकघर कांसाकोटी, तहसील एवं थाना रोहड़ू का निवासी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि चिट्टा तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय नशा तस्करों तथा उनके नेटवर्क की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Topics: