Loading...

NEET UG / नीट यूजी पेपर लीक मामले में कोचिंग संस्थान संचालक गिरफ्तार, सीबीआई जांच तेज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Hours Ago • 1 Min Read

NEET UG : नीट यूजी 2026 पेपर लीक मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लातूर स्थित एक कोचिंग संस्थान के संचालक को गिरफ्तार किया है। मामले में गिरफ्तार आरोपी को अदालत ने नौ दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है। जांच एजेंसी विभिन्न राज्यों में लगातार तलाशी और पूछताछ की कार्रवाई कर रही है।

नई दिल्ली

सीबीआई के अनुसार गिरफ्तार आरोपी प्रोफेसर शिवराज मोटेगांवकर लातूर स्थित आरसीसी कोचिंग संस्थान के संचालक हैं। यह संस्थान नीट यूजी परीक्षा की तैयारी करवाता है और इसकी नौ शाखाएं संचालित की जा रही हैं। जांच एजेंसी के अनुसार आरोपी का नाम एनटीए से जुड़े रसायन विज्ञान के व्याख्याता पी.वी. कुलकर्णी से संपर्क में सामने आया है।

सीबीआई ने आरोपी के संस्थान और आवास पर तलाशी के दौरान रसायन विज्ञान का प्रश्नपत्र बरामद किया। जांच एजेंसी के अनुसार बरामद प्रश्नपत्र में 3 मई को आयोजित नीट यूजी परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से समानता पाई गई है। मामले में अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

कई राज्यों में चलाया गया तलाशी अभियान

जांच एजेंसी ने पिछले 24 घंटों के दौरान विभिन्न राज्यों में पांच स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान कई दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। सीबीआई ने बताया कि जब्त सामग्री की विस्तृत जांच की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।

सीबीआई ने यह मामला 12 मई 2026 को शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग से प्राप्त शिकायत के आधार पर दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद देशभर में विशेष टीमें गठित कर विभिन्न स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाए गए। जांच के दौरान कई संदिग्धों से पूछताछ की गई और अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तारियां की गईं।

बिचौलियों और छात्रों की भूमिका की भी जांच

सीबीआई के अनुसार अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में उन बिचौलियों की भूमिका भी सामने आई है, जो कथित रूप से छात्रों को परीक्षा से पहले उपलब्ध कराए गए प्रश्नों के बदले बड़ी रकम लेने के मामले में शामिल थे। एजेंसी परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक होने के स्रोत और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

Related Topics: