Loading...

कडीयुत में ‘नॉर्थ हिल क्रिक ज़ोन’ इंडोर क्रिकेट एरीना का शुभारंभ

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 33 Mins Ago • 1 Min Read

राजगढ़ में ‘नॉर्थ हिल क्रिक ज़ोन’ इंडोर क्रिकेट एरीना का शुभारंभ किया गया, जहां खिलाड़ियों के लिए आधुनिक क्रिकेट प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उद्घाटन के दौरान विधायक रीना कश्यप ने फागु में आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने का प्रयास करने की घोषणा की। एरीना का उद्देश्य स्थानीय खिलाड़ियों को अपने क्षेत्र में ही उन्नत स्तर की क्रिकेट अभ्यास सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

राजगढ़

राजगढ़ उपमंडल के कडीयुत (हाब्बन रोड) में शनिवार को क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ‘नॉर्थ हिल क्रिक ज़ोन’ इंडोर क्रिकेट एरीना का शुभारंभ पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने विधिवत फीता काटकर किया। इस दौरान उन्होंने एरीना का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध अत्याधुनिक खेल सुविधाओं की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात बताया।

अपने संबोधन में विधायक रीना कश्यप ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह की आधुनिक खेल सुविधा का शुरू होना गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजगढ़ क्षेत्र के फागु में धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की तर्ज पर आधुनिक क्रिकेट स्टेडियम विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय खेल सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकें। साथ ही उन्होंने ठाकुरद्वारा कडीयुत के विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से एक लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

‘नॉर्थ हिल क्रिक ज़ोन’ के संचालक रित्विक ठाकुर ने बताया कि एरीना में प्रीमियम इंडोर नेट्स, एडवांस्ड बॉलिंग मशीन, मैच सिमुलेशन, एस्ट्रोटर्फ व मैट पिच, फ्लडलाइट्स तथा हर मौसम में अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा नेट सेशन, फिटनेस एवं ड्रिल्स, कोचिंग और उन्नत क्रिकेट प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों को बड़े शहरों जैसी आधुनिक क्रिकेट प्रशिक्षण सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अभ्यास के लिए बाहर न जाना पड़े।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सरोज बाला, नगर पंचायत राजगढ़ के उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर, सुनील शर्मा, ग्राम पंचायत शलाना के उपप्रधान हर्ष ठाकुर, बीडीसी सदस्य विवेक पलाहा, क्रिकेट खिलाड़ी धीरज ठाकुर, कपिल ठाकुर, अजय ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा, खेल प्रेमी एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।