बर्मा पापड़ी स्कूल में एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ, 25 स्वयंसेवक संभालेंगे सेवा गतिविधियां
नाहन / बर्मा पापड़ी
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बर्मा पापड़ी में मंगलवार को सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ हुआ। विद्यालय की प्रधानाचार्या शालू परमार ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। 29 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले इस शिविर में विद्यालय के 25 एनएसएस स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं।
शिविर के दौरान स्वयंसेवक स्कूल व आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने के साथ पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सेवा से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में भाग लेंगे। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रधानाचार्या शालू परमार ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि एनएसएस केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से शिविर की सभी गतिविधियों में सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ भाग लेने का आह्वान किया।
शिविर के शुभारंभ अवसर पर विद्यालय स्टाफ सहित एनएसएस स्वयंसेवक मौजूद रहे।