रपोह मिसरां के एनएसएस शिविर में स्वयंसेवियों को सेवा, अनुशासन और नेतृत्व का संदेश
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रपोह मिसरां में सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर के पांचवें दिन स्वयंसेवियों को सामाजिक सेवा, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय एनएसएस स्वयंसेवी अनु बाला ने विद्यार्थियों को एनएसएस के तहत जिला, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर प्रतिभा निखारने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
अनु बाला ने कहा कि एनएसएस विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। इससे उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां समझने, जरूरतमंद लोगों की सहायता करने और सामाजिक कार्यों में योगदान देने का अवसर मिलता है। उन्होंने स्वयंसेवियों को सामाजिक सेवा के साथ पाठ्येतर गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों को विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलता है।
उन्होंने अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना को जीवन में सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया। स्वयंसेवियों से शिविर के दौरान सीखी गई बातों को अपने जीवन में अपनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए लगातार प्रयास करने का आह्वान किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के मार्गदर्शन में मार्चपास्ट का अभ्यास भी कराया गया। इस दौरान स्वयंसेवियों ने अनुशासन, एकजुटता और उत्साह के साथ हिस्सा लिया तथा सामूहिक समन्वय और नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया।
सेवा भावना और सामाजिक जिम्मेदारी पर जोर
एनएसएस इकाई रपोह मिसरां के कार्यक्रम अधिकारी मुकेश कुमार शर्मा ने बताया कि शिविर के दौरान स्वयंसेवियों को सामाजिक सेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एनएसएस शिविर विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामूहिक रूप से कार्य करने और समाज के प्रति अपनी भूमिका समझने का अवसर दिया जा रहा है।