राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में हर्षोल्लास से मनाया एनएसएस दिवस
चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र एवं उप तहसील जोल के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा एनएसएस दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता को और मजबूत करना रहा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
कार्यक्रम अधिकारी प्रो० नवीन शर्मा ने मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. बलविंदर सिंह राणा तथा उपस्थित प्राध्यापकों प्रो० कविता कौशल, डॉ० राम कुमार नेगी, डॉ० सगुन डोगरा, श्रीमती नीलम कुमारी, श्री दिनेश एवं श्री अमन शर्मा सहित समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ का स्वागत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं उपस्थित स्टाफ द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पमाला अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात एनएसएस स्वयंसेवियों ने एनएसएस का थीम सॉन्ग ‘कदम-कदम पर बढ़ते जाओ’ प्रस्तुत किया। गीत की प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को ऊर्जा और सेवा भावना से भर दिया।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, प्रेरणादायक गीतों एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित सभी लोगों को भावविभोर कर दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह एवं उमंग का ऐसा माहौल बनाया कि पूरा महाविद्यालय परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. राम कुमार नेगी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों एवं महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एनएसएस विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझने और उन्हें जिम्मेदारीपूर्वक निभाने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने स्वयंसेवियों से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया तथा एनएसएस के माध्यम से विद्यार्थियों में विकसित हो रहे अनुशासन, सहानुभूति, सेवा भावना और नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों की सराहना की।
मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० बलविंदर सिंह राणा ने एनएसएस इकाई द्वारा समय-समय पर किए जा रहे विभिन्न सामाजिक, स्वच्छता, जागरूकता एवं जनहितकारी कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एनएसएस केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी स्वयंसेवियों को एनएसएस दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी समाज एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।