Weather Alert: हिमाचल में 26 से 29 सितंबर तक बिगड़ेगा मौसम, सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट
Weather Alert: हिमाचल प्रदेश में 26 सितंबर की शाम या रात से मौसम बदलने का अनुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 29 सितंबर की सुबह तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी और बिलासपुर के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम की गतिविधि का सबसे अधिक असर 27 सितंबर को रह सकता है।
शिमला
हिमाचल प्रदेश में बीते 11 दिनों से तेज धूप खिलने के बाद अब मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मनाली और शिमला में सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पूर्वी हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में 26 सितंबर की शाम या रात से बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो 29 सितंबर की सुबह तक जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी और बिलासपुर जिलों के कुछ हिस्सों में इस अवधि के दौरान कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिर सकती है। ऊना, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के स्पीति क्षेत्र में 27 और 28 सितंबर को मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
27 सितंबर को सिरमौर के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 सितंबर को सिरमौर जिले के अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी दिन बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। किन्नौर में भी अलग-अलग स्थानों पर मध्यम बारिश की संभावना के कारण येलो अलर्ट जारी किया गया है। सिरमौर में 26 सितंबर और शिमला, सोलन व सिरमौर में 28 सितंबर के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट है।
तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी
शिमला, सोलन और सिरमौर में 26 से 28 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 27 सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी के कुछ हिस्सों में भी ऐसी परिस्थितियां बनने की संभावना है। प्रदेश से अभी मानसून की वापसी नहीं हुई है और इसी बीच मौसम विभाग ने बारिश तथा तेज हवाओं को लेकर यह चेतावनी जारी की है।