NDPS / नूरपुर में नाकाबंदी के दौरान 1.340 किलो चरस बरामद, चंबा के तीन आरोपी गिरफ्तार
NDPS : नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नाकाबंदी के दौरान 1.340 किलोग्राम चरस बरामद की है। मामले में चंबा जिला के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने आगामी जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा
नाकाबंदी के दौरान दो वाहनों की जांच में मिली चरस
नूरपुर पुलिस की सीआईए टीम ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी मात्रा में चरस बरामद करने में सफलता हासिल की है। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त और वाहन चेकिंग के दौरान डिफेंस रोड कोपड़ा के समीप नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने ऑल्टो कार नंबर एचपी 01सी 2306 तथा होंडा बीआर-वी नंबर एचपी48 ए 7741 को जांच के लिए रोका।
तलाशी के दौरान 1.340 किलोग्राम चरस बरामद
पुलिस द्वारा नियमानुसार दोनों वाहनों की तलाशी ली गई, जिसके दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1.340 किलोग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैफ अली (30 वर्ष), अब्दुल्ला (33 वर्ष) तथा फारुख (20 वर्ष) निवासी तहसील चुराह जिला चंबा के रूप में हुई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। मामले में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। एसपी नूरपुर ने बताया कि बरामद चरस के नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की जांच के लिए पुलिस द्वारा मामले की गहन तफ्तीश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद की गई चरस कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।