ओटीए ग्वालियर का रिफ्रेशर कोर्स पूरा, डॉ. पंकज की कैप्टन पदोन्नति का रास्ता साफ
नाहन महाविद्यालय के सहायक आचार्य एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. पंकज ने ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी ग्वालियर में कैप्टन रैंक का रिफ्रेशर कोर्स सफलतापूर्वक पूरा किया है। इससे उनकी लेफ्टिनेंट से कैप्टन रैंक पर पदोन्नति का मार्ग प्रशस्त हुआ है। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने थ्रो बॉल में स्वर्ण पदक जीता तथा एक्सरसाइज शक्ति, युवा शक्ति और फ्लैग एरिया में प्रथम स्थान हासिल किया।
नाहन
डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय महाविद्यालय नाहन के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में कार्यरत डॉ. पंकज ने 31 अगस्त से 19 सितंबर 2026 तक आयोजित रिफ्रेशर कोर्स में हिस्सा लिया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में देशभर के एनसीसी अधिकारी शामिल हुए। कोर्स के दौरान उन्हें सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, आपदा प्रबंधन और एनसीसी के नवीन पाठ्यक्रमों से संबंधित उच्च स्तरीय प्रशिक्षण दिया गया।
प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन
प्रशिक्षण के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में डॉ. पंकज ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उन्होंने थ्रो बॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया, जबकि एक्सरसाइज शक्ति, युवा शक्ति और फ्लैग एरिया में प्रथम स्थान हासिल किया। रिफ्रेशर कोर्स पूरा करने के बाद महाविद्यालय पहुंचने पर एनसीसी इकाई और महाविद्यालय परिवार ने उनका स्वागत किया तथा प्रशिक्षण एवं प्रतियोगिताओं में मिली उपलब्धियों पर उन्हें बधाई दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला ने कहा कि डॉ. पंकज की पदोन्नति और प्रशिक्षण से एनसीसी कैडेट्स को प्रेरणा मिलेगी तथा महाविद्यालय की एनसीसी गतिविधियों को नया आयाम मिलेगा। डॉ. पंकज ने कहा कि कोर्स के दौरान मिले सैन्य और नेतृत्व प्रशिक्षण का लाभ एनसीसी कैडेट्स को दिया जाएगा। उन्होंने अपनी उपलब्धि के लिए उच्च शिक्षा विभाग, प्राचार्य, महाविद्यालय परिवार, कर्मचारी वर्ग, 1 एचपी बटालियन नाहन, कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल जे.एस. चौहान और एनसीसी कैडेट्स का आभार जताया।