Cyber Crime / रिटायर्ड सैन्य अधिकारी से डिजिटल ठगी के जरिए 16 लाख रुपये ट्रांसफर, मामला दर्ज
Cyber Crime : 25 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच खुद को सरकारी एजेंसियों से जुड़ा बताने वाले अज्ञात लोगों ने एक रिटायर्ड सैन्य अधिकारी से 16 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना भवारना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पालमपुर/कांगड़ा
फोन कॉल से शुरू हुई कथित जांच प्रक्रिया
जिला कांगड़ा के पालमपुर उपमंडल के अंतर्गत भवारना थाना क्षेत्र में डिजिटल ठगी से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता, जो भारतीय सेना से रिटायर्ड अधिकारी हैं और तहसील पालमपुर के निवासी बताए गए हैं, ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि 25 अप्रैल 2026 को उन्हें एक फोन कॉल प्राप्त हुई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को टेलीकॉम ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) से संबंधित बताया और कहा कि उनके आधार कार्ड से लिंक एक केनरा बैंक एटीएम कार्ड नरेश गोयल नामक व्यक्ति के घर से बरामद हुआ है। कॉलर ने इस मामले में शिकायतकर्ता को संदिग्ध बताते हुए आगे की जांच का हवाला दिया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई पूछताछ
शिकायतकर्ता के अनुसार फोन कॉल के बाद उन्हें लगातार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कई लोगों से जोड़ा गया। इन व्यक्तियों ने स्वयं को आईपीएस अधिकारी और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जुड़ा अधिकारी बताया। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 25 अप्रैल से 28 अप्रैल तक उनसे लगातार पूछताछ की जाती रही और उन्हें विभिन्न प्रकार के दस्तावेज भेजे गए। इन दस्तावेजों पर सुप्रीम कोर्ट और ईडी से जुड़े होने का दावा किया गया था। शिकायतकर्ता को बताया गया कि मामला गंभीर वित्तीय जांच से जुड़ा है और उन्हें सहयोग करना होगा।
बैंक खातों और संपत्ति की जानकारी भी मांगी गई
शिकायत में कहा गया है कि 27 अप्रैल को आरोपियों ने उनसे बैंक खातों, जमा राशि और संपत्ति संबंधी विस्तृत जानकारी मांगी। इसके साथ ही जांच पूरी होने तक सरकारी सुरक्षा प्रक्रिया के नाम पर संपत्ति प्लैज करने और धनराशि सुरक्षित खाते में ट्रांसफर करने की बात कही गई। शिकायतकर्ता को भरोसा दिलाया गया कि जांच पूरी होने के बाद दो दिन के भीतर पूरी राशि वापस कर दी जाएगी। सरकारी एजेंसी समझकर शिकायतकर्ता ने आरटीजीएस के माध्यम से कुल 16 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए।
शिकायत के आधार पर पुलिस जांच शुरू
बाद में शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस थाना भवारना में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस डिजिटल माध्यमों और बैंक लेनदेन से संबंधित तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
