पांवटा साहिब में काम करने से इनकार करने पर विवाद, चार लोगों पर बीच सड़क युवक से मारपीट का आरोप
पांवटा साहिब में स्कूल से बच्चों को लेकर वापस लौट रहे एक व्यक्ति के साथ बीच सड़क मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि एक व्यक्ति ने उससे काम करने के लिए कहा, लेकिन पिछला भुगतान नहीं मिलने की बात कहते हुए उसने काम करने से मना कर दिया। इसी बात पर विवाद बढ़ गया और चार लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
सिरमौर/पांवटा साहिब
बच्चों को स्कूल से लेने गया था शिकायतकर्ता
अंकित शर्मा निवासी वार्ड नंबर-7, जट कॉलोनी तारूवाला ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के मुताबिक वह स्कूल से बच्चों को लेने गया था और वापस लौटते समय रास्ते में बाबू राम ने उसे रोक लिया। शिकायत के अनुसार बाबू राम ने अंकित से उसका एक काम करने के लिए कहा। अंकित ने यह कहते हुए काम करने से इनकार कर दिया कि वह पहले भी उसका काम कर चुका है, लेकिन उसे पैसे नहीं दिए गए थे।
बात बढ़ने पर मारपीट का आरोप
आरोप है कि इसी बात को लेकर बाबू राम ने बीच सड़क उसका रास्ता रोककर बहस शुरू कर दी। इसके बाद बाबू राम, उसके साढ़ू, पत्नी संतोष और बेटे ने मिलकर अंकित के साथ मारपीट की। शिकायत मिलने के बाद पुलिस थाना पांवटा साहिब में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।