Piplu Mela / लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह करेंगे पिपलू मेले का शुभारंभ
Piplu Mela : लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 24 जून को जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेले का शुभारंभ करेंगे। निर्जला एकादशी के अवसर पर आयोजित इस मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ सांस्कृतिक, खेल और मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी। मेले के दौरान विभिन्न प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह 24 जून को जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 का शुभारंभ करेंगे। निर्जला एकादशी के अवसर पर 24 से 26 जून तक भगवान श्री नरसिंह देव मंदिर, पिपलू में आयोजित होने वाले इस मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। मेले के तहत 26 जून को बंगाणा के भलेत में कुटलैहड़ महोत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।उपमंडलाधिकारी (ना.) बंगाणा एवं मेला समिति के अध्यक्ष सोनू गोयल ने बताया कि मेले के शुभारंभ अवसर पर 24 जून को सुबह 10 बजे बंगाणा में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें लोक निर्माण मंत्री श्री विक्रमादित्य सिंह शामिल होंगे। इसके उपरांत वे पिपलू स्थित भगवान श्री नरसिंह देव मंदिर में पूजा-अर्चना एवं ध्वजारोहण की रस्म के साथ जिला स्तरीय ऐतिहासिक पिपलू मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर विशेष अतिथि के तौर पर गगरेट के विधायक श्री राकेश कालिया और कुटलैहड़ के विधायक श्री विवेक शर्मा (विक्कू) भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि मेले में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनी, खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। 24 जून को प्रसिद्ध लोक गायक काकू राम ठाकुर, 25 जून को सुप्रसिद्ध गायक कुमार साहिल और सुनील मस्ती तथा 26 जून को हिमाचली गायक इंशांत भारद्वाज और मोहित गर्ग अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, 26 जून की सायं बंगाणा के भलेत में आयोजित कुटलैहड़ महोत्सव में प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू और नाटी गायक कुलदीप शर्मा दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा (विक्कू) ने क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में मेले में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की लोक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा इसे और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।