Police Recruitment / सिरमौर में पुलिस भर्ती का शेड्यूल जारी, 9646 अभ्यर्थी देंगे शारीरिक दक्षता परीक्षा, 26 से प्रक्रिया शुरू
सिरमौर में 26 अक्तूबर से पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया शुरू, 29 को करवाचौथ पर नहीं होंगे टेस्ट।
सिरमौर/नाहन
Police Recruitment / सिरमौर जिले में पुलिस कांस्टेबल भर्ती प्रक्रिया 26 अक्तूबर से शुरू होगी। भर्ती जिला मुख्यालय नाहन स्थित पुलिस लाइन में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी। इसमें कुल 9,646 महिला और पुरुष अभ्यर्थी शामिल होंगे। करवाचौथ के अवसर पर 29 अक्तूबर को शारीरिक परीक्षण नहीं होगा।
27 अक्तूबर से महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिरमौर की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 27 से 30 अक्तूबर तक 3,314 महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। भर्ती प्रक्रिया में सबसे पहले महिला उम्मीदवार शामिल होंगी। करवाचौथ के कारण 29 अक्तूबर को भर्ती प्रक्रिया स्थगित रहेगी और इस दिन कोई शारीरिक परीक्षण नहीं किया जाएगा।
31 अक्तूबर से पुरुष अभ्यर्थियों की बारी
महिला अभ्यर्थियों के बाद 31 अक्तूबर से 5 नवंबर तक 6,332 पुरुष उम्मीदवारों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने बताया कि भर्ती को पारदर्शी और सुचारू रूप से आयोजित करने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
रोल नंबर के अनुसार दी जाएगी जानकारी
अभ्यर्थियों को उनके रोल नंबर के आधार पर भर्ती की तय तारीखों और जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी जल्द प्रेस नोट और पुलिस विभाग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल के माध्यम से दी जाएगी। पुलिस विभाग ने उम्मीदवारों से भर्ती संबंधी अपडेट के लिए संपर्क में रहने की अपील की है।