Politics: भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित, वसुंधरा राजे समेत 13 नेता बने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष
भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, वसुंधरा राजे समेत कई दिग्गजों को जिम्मेदारी
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। नई टीम में कुल 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, आंध्र प्रदेश से राम माधव और डी. पुरंदेश्वरी, ओडिशा से बैजयंत पंडा, उत्तर प्रदेश से रेखा वर्मा, गुजरात से वर्षाबेन नरेंद्रभाई डोशी, महाराष्ट्र से भारती प्रवीण पवार, पंजाब से मनप्रीत सिंह बादल, मध्य प्रदेश से लाल सिंह आर्य, छत्तीसगढ़ से लता उसेंडी, नागालैंड से एम. चुबा आओ तथा तारिक मंसूर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
नई कार्यकारिणी में संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी बी. एल. संतोष को बरकरार रखी गई है, जो कर्नाटक से संबंध रखते हैं। वहीं महाराष्ट्र से आने वाले पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिवों की टीम में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कुल आठ राष्ट्रीय महासचिवों में स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देव, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।
नई टीम में विभिन्न राज्यों को प्रतिनिधित्व देते हुए संगठनात्मक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों से लेकर महासचिव और कोषाध्यक्ष तक महत्वपूर्ण पदों पर अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी दिए जाने से भाजपा की आगामी संगठनात्मक रणनीति को लेकर भी तस्वीर साफ हुई है।
