Loading...

Election / ऊना जिले में पंचायती राज चुनावों के लिए अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त जतिन लाल ने पंचायती राज institutions के सामान्य चुनाव-2026 के लिए जिला ऊना की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है। जारी सूची के अनुसार जिले में कुल 3,79,459 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,88,945 पुरुष तथा 1,84,724 महिला मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने सभी पात्र मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

ऊना

प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार विकास खंड अंब में कुल 75,053 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 37,716 पुरुष और 36,202 महिला मतदाता शामिल हैं। विकास खंड बंगाणा में कुल 63,506 मतदाताओं में 31,229 पुरुष तथा 30,827 महिला मतदाता दर्ज किए गए हैं। इसी प्रकार गगरेट विकास खंड में कुल 72,324 मतदाता हैं, जिनमें 35,949 पुरुष और 35,355 महिला मतदाता शामिल हैं।

हरोली विकास खंड में कुल 88,062 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं, जिनमें 43,944 पुरुष तथा 43,117 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं ऊना विकास खंड में कुल 80,514 मतदाताओं में 40,223 पुरुष तथा 39,223 महिला मतदाता दर्ज किए गए हैं। प्रशासन की ओर से मतदाता सूची को अंतिम रूप देने के बाद संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं।

तीन चरणों में होंगे पंचायत चुनाव

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव तीन चरणों में संपन्न करवाए जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पंचायतों में 26, 28 तथा 30 मई को मतदान होगा। चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

उपायुक्त जतिन लाल ने सभी पात्र मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की अपील की है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्धारित तिथियों पर मतदान केन्द्रों में पहुंचकर मतदान करने का आग्रह किया है।

Related Topics: