Loading...

Politics: पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 सीटों पर अकेले उतरेगी भाजपा

हिमाचलनाउ डेस्क • 7 Hours Ago • 1 Min Read

Politics: भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी 117 सीटों पर अकेले उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है। भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष ने पार्टी की चुनावी रणनीति की जानकारी दी। यह घोषणा ऐसे समय में हुई है, जब राज्य में अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज हो रही हैं और भाजपा तथा शिरोमणि अकाली दल के बीच संभावित गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चा चल रही थी।

पंजाब

बीएल संतोष सोमवार से पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर हैं। उनके दौरे का उद्देश्य राज्य में भाजपा के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा करने के साथ जमीनी स्तर पर समन्वय और चुनावी तैयारियों को मजबूत करना है। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने का अनुमान है। भाजपा ने हाल ही में सतीश पूनिया को पंजाब का नया प्रभारी भी नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से सभी सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा ने उसकी आगामी रणनीति स्पष्ट कर दी है।

गठबंधन की अटकलों के बीच घोषणा

पिछले कुछ समय से पंजाब में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच दोबारा चुनावी गठबंधन होने के कयास लगाए जा रहे थे। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने हाल में संभावित समझौतों को लेकर सीधे तौर पर कुछ कहने से परहेज किया था। हालांकि, उन्होंने ऐसे समझौतों के माध्यम से पंजाब में विकास और तरक्की से जुड़े कार्य आगे बढ़ने तथा प्रदेश के लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई थी।

अगस्त की शुरुआत में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके कार्यालय में मुलाकात की थी। इसके अतिरिक्त शिरोमणि अकाली दल ने महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग करने के साथ परिसीमन का समर्थन किया था। इन घटनाक्रमों के बाद दोनों दलों के बीच संभावित गठबंधन की चर्चा तेज हुई थी, लेकिन अब भाजपा ने पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की बात कही है।

Related Topics: