Politics / राम मंदिर के बाद बद्री-केदार मंदिरों में चढ़ावे की चोरी के आरोप, जेपीसी निगरानी में जांच की मांग; भाजपा पर बरसे सूर्यकांत धस्माना
Politics : बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस ने जेपीसी की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने मामले को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सरकार और भाजपा पर विभिन्न जनहित मुद्दों की अनदेखी करने का भी आरोप लगाया गया।
देहरादून
उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने बद्रीनाथ और केदारनाथ मंदिरों में चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और चोरी के आरोपों को बेहद गंभीर बताते हुए पूरे मामले की संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की निगरानी में उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इन मंदिरों से करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर उठे विवादों के बाद अब बद्री-केदार मंदिरों में भी चढ़ावे की कथित चोरी के आरोप सामने आना सनातन समाज की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने दावा किया कि केदारनाथ मंदिर में कथित सोना चोरी का रहस्य अब तक नहीं सुलझ पाया है और अब बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे की चोरी के आरोप गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
धस्माना ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट और बद्री-केदार मंदिर समिति दोनों ही सरकारों द्वारा गठित संस्थाएं हैं, इसलिए इन मामलों की जिम्मेदारी से सरकारें बच नहीं सकतीं। उन्होंने कहा कि जनता का सरकारी जांच एजेंसियों पर भरोसा कम हुआ है, इसलिए पूरे मामले की जांच जेपीसी की निगरानी में कराई जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होनी चाहिए जो भविष्य के लिए मिसाल बने।
पत्रकार वार्ता के दौरान धस्माना ने उत्तराखंड सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध, बेरोजगारी, भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक, भ्रष्टाचार, अवैध खनन और आपदा पुनर्वास जैसे गंभीर मुद्दे बने हुए हैं, फिर भी सरकार जश्न मनाने में व्यस्त है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर प्रदेश सरकार और भाजपा किस उपलब्धि का उत्सव मना रही हैं।धस्माना ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में निकाली जा रही परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है और कांग्रेस प्रदेश में जनहित के मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
