डीहर की प्रिया ठाकुर एनएबीसीबी में एक्रिडिटेशन ऑफिसर बनीं, राष्ट्रीय चयन में तीसरा स्थान प्राप्त किया
ग्राम पंचायत डीहर की प्रिया ठाकुर का चयन नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर सर्टिफिकेशन बॉडीज़ (NABCB), क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) में एक्रिडिटेशन ऑफिसर के पद पर हुआ है। चयन प्रक्रिया में देशभर में तीसरा स्थान हासिल कर उन्होंने हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लोगों ने बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।
ऊना/ वीरेंद्र बन्याल
उप-मंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत डीहर की होनहार बेटी प्रिया ठाकुर ने अपनी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार सफलता हासिल करते हुए पूरे क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रिया का चयन नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर सर्टिफिकेशन बॉडीज़ (NABCB), क्वालिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (QCI) में एक्रिडिटेशन ऑफिसर के पद पर हुआ है। विशेष बात यह है कि उन्होंने चयन प्रक्रिया में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त कर अपनी असाधारण योग्यता का परिचय दिया है।
25 वर्षीय प्रिया ठाकुर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलमेहड़ा से प्राप्त की तथा बारहवीं की परीक्षा नॉन-मेडिकल संकाय से उत्तीर्ण की। इसके उपरांत उन्होंने इटरनल यूनिवर्सिटी, सिरमौर से बी.टेक (फूड टेक्नोलॉजी) की डिग्री हासिल की। छात्र जीवन से ही मेधावी और अनुशासित रही प्रिया ने निरंतर मेहनत और लग्न के बल पर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि अपने नाम की।प्रिया की इस उपलब्धि से उनके परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं पूरे डीहर क्षेत्र और उप-मंडल बंगाणा के लिए गर्व की बात है।
क्षेत्र के लोगों ने इसे बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए कहा कि प्रिया ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।प्रिया ठाकुर की इस शानदार सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।