MC Election / “जिसने उम्मीदवार सूची तक जारी नहीं की, वह जीत का दावा कैसे कर रही”-डॉ. राजीव बिंदल
निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस पर बरसे डॉ. राजीव बिंदल, बोले- यह सरकार के खिलाफ जनमत संग्रह
शिमला
हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने नगर निकाय चुनावों में भाजपा की जीत को कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनता का खुला जनादेश बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। शिमला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय दीपकमल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिंदल ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने चुनावों में अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची तक जारी नहीं की, वह अब जीत का दावा कर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि नगर निकाय चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक विजय प्रदेश की जनता के विश्वास, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की 25 नगर परिषदों की 229 सीटों में भाजपा ने 120 सीटों पर जीत दर्ज कर नया राजनीतिक इतिहास बनाया है, जबकि कांग्रेस 89 सीटों तक सिमट गई और 20 सीटों पर अन्य उम्मीदवार विजयी रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस ने खुद मीडिया के सामने कहा था कि पार्टी किसी भी उम्मीदवार की आधिकारिक सूची जारी नहीं करेगी और कार्यकर्ता स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसे में अब कांग्रेस का जीत का दावा हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि भाजपा उन प्रत्याशियों को कांग्रेस समर्थित मान रही है जिनके खिलाफ भाजपा ने मैदान में चुनाव लड़ा और उसी आधार पर पार्टी जनता के सामने चुनावी आंकड़े रख रही है।
डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निकाय और पंचायतीराज चुनावों को टालने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि ये चुनाव अक्टूबर-नवंबर 2025 में हो जाने चाहिए थे और राज्य चुनाव आयोग पूरी तरह तैयार था, लेकिन कांग्रेस सरकार चुनावों से बचती रही। उन्होंने दावा किया कि उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद सरकार को मजबूरन चुनाव करवाने पड़े।
प्रेस वार्ता के दौरान बिंदल ने प्रदेश सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफिया राज, गैंगवार, महंगाई, बिजली-पानी के बढ़ते दाम और विकास कार्यों के ठप होने से जनता परेशान है। महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों और आम लोगों ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ मतदान कर भाजपा के पक्ष में समर्थन दिया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस सरकार में बेचैनी बढ़ गई है और मंत्री, विधायक व अधिकारी भाजपा समर्थित विजयी पार्षदों को डराने-धमकाने तथा प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। बिंदल ने कहा कि चेयरमैन और वाइस चेयरमैन चुनावों के नियमों में बदलाव कर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अधिकारियों से निष्पक्षता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक दबाव में कार्य न करें और संविधान के अनुसार अपनी जिम्मेदारी निभाएं। अंत में उन्होंने हिमाचल प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में भी जनता भाजपा के सेवा, सुशासन और विकास के एजेंडे पर भरोसा जताएगी।
