Loading...

Rajgarh: अस्पताल के शौचालय में मिला भ्रूण, जाँच में जुटी पुलिस

Ankita • 3 Jun 2023 • 1 Min Read

HNN/ राजग़ढ़

जिला सिरमौर के उपमंडल राजग़ढ़ के सिविल अस्पताल में एक भ्रूण मिला है। पुलिस ने भ्रूण को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। साथ ही घटना के संदर्भ में मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, सफाई कर्मी अस्पताल में शौचालय की सफाई कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शौचालय में एक भ्रूण पड़ा हुआ देखा, जोकि 6 से 7 महीने का बताया जा रहा है।

घटना के बाद अस्पताल प्रशासन द्वारा इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू की।

पूछताछ के दौरान अस्पताल प्रशासन ने बताया कि प्रसूति अस्पताल में नहीं हुई है, बल्कि किसी ने बाहर से लाकर भ्रूण को अस्पताल में फेंका है। मामले की पुष्टि राजगढ़ के डीएसपी अरुण मोदी ने की है।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है। कहा कि जिसने भी यह भ्रूण अस्पताल के शौचालय में फेंका है उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाएगी।