एचएएस अधिकारी उमेश शर्मा ने संभाला कार्यभार, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर रहेगा फोकस
राजगढ़ विकास खंड में एचएएस अधिकारी उमेश शर्मा ने नए खंड विकास अधिकारी एवं सहायक आयुक्त के रूप में कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने विकास योजनाओं के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन को अपनी प्राथमिकता बताया है। पंचायतों और स्थानीय लोगों के सहयोग से ग्रामीण विकास को नई गति देने पर विशेष फोकस रहेगा।
राजगढ़
विकास खंड राजगढ़ को नया खंड विकास अधिकारी मिल गया है। एचएएस अधिकारी उमेश शर्मा ने सोमवार को खंड विकास अधिकारी एवं सहायक आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया।वर्ष 2025 बैच के एचएएस अधिकारी उमेश शर्मा इससे पहले जिला सिरमौर में आबकारी एवं कराधान विभाग में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2024 में आयोजित हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा में प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया था।कार्यभार संभालने के बाद उमेश शर्मा ने कहा कि विकास योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के साथ-साथ निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। पंचायतों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल सके।उमेश शर्मा ने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से विकास खंड राजगढ़ में ऐसे कार्य किए जाएंगे जो आम लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध हों और अन्य क्षेत्रों के लिए भी उदाहरण बनें। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और लोगों की भागीदारी को विशेष महत्व देने की बात कही।