राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव में कांग्रेस को झटका, युवा नेता चंद्र मोहन शर्मा भाजपा में शामिल
Himachalnow / रराजगढ़
राजगढ़ नगर पंचायत चुनाव के बीच कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। युवा नेता चंद्र मोहन शर्मा ने टिकट को लेकर नाराजगी जताते हुए भाजपा का दामन थाम लिया। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद वार्ड नंबर 6 का चुनावी मुकाबला और दिलचस्प माना जा रहा है।
राजगढ़
नगर पंचायत चुनाव के बीच राजगढ़ की सियासत में बड़ा उलटफेर सामने आया है। कांग्रेस को उस समय झटका लगा, जब लंबे समय से संगठन से जुड़े युवा नेता चंद्र मोहन शर्मा ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया।बताया जा रहा है कि टिकट को लेकर असंतोष के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। चंद्र मोहन शर्मा ने खुलकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि पार्टी में युवाओं की लगातार अनदेखी हो रही है। उनका कहना है कि वर्षों से जमीनी स्तर पर काम करने के बावजूद उन्हें चुनाव के समय अपेक्षित अवसर नहीं दिया गया।
भाजपा में शामिल होने पर पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने अपने कार्यालय में उनका स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। कार्यक्रम में ‘जय भाजपा, विजय भाजपा’ के नारों के साथ माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।रीना कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में युवाओं को आगे बढ़ने के भरपूर अवसर मिलते हैं और हर कार्यकर्ता की मेहनत का सम्मान किया जाता है।
सूत्रों के अनुसार चंद्र मोहन शर्मा को भाजपा वार्ड नंबर 6 से चुनाव मैदान में उतार सकती है। उनके पार्टी बदलने से इस वार्ड में मुकाबला अब और अधिक रोचक होने की संभावना है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि कांग्रेस हाईकमान ने समय रहते कार्यकर्ताओं की नाराजगी को दूर नहीं किया, तो इसका असर चुनाव परिणामों पर पड़ सकता है। लगातार सामने आ रही असंतुष्टि पार्टी के लिए चुनौती बनती दिख रही है।
