सड़क को लेकर चल रहे झगड़े के बीच बिगड़े हालात, तीन लोग घायल
राजगढ़ में सड़क और भूमि अधिकार को लेकर चल रहे विवाद के दौरान कुत्तों के हमले में दो छात्र और एक पुलिस जवान घायल हो गए। विवाद बढ़ने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया था, जहां स्थिति नियंत्रित करने के प्रयास के दौरान भी हमला हुआ। मामले में पुलिस ने महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजगढ़
राजगढ़-लहारब-शमलोह सड़क पर चल रहे जमीनी विवाद ने मंगलवार को उस समय अजीब मोड़ ले लिया, जब विवाद के बीच कुत्तों ने हमला कर दिया। सड़क को लेकर दो पक्षों के बीच चल रही तनातनी के दौरान कुत्तों के हमले में दो छात्र और एक पुलिस जवान घायल हो गए।जानकारी के अनुसार लहारब निवासी जसवंत अपने खेत में निर्माण कार्य के लिए जेसीबी मशीन लेकर जा रहे थे। डूब्लू के समीप दो महिलाओं ने मशीन को आगे बढ़ने से रोक दिया। सड़क और भूमि अधिकार को लेकर विवाद बढ़ने पर पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले आईटीआई से घर लौट रहे दो छात्र वहां से गुजर रहे थे। विवाद के चलते उनकी बाइक रुकी और इसी दौरान वहां मौजूद कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। दोनों छात्र घायल हो गए।इसके बाद मौके पर पहुंची राजगढ़ पुलिस ने जब स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया तो कुत्तों ने एक पुलिस जवान को भी काट लिया। सड़क विवाद के बीच हुए इस हमले से कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित मार्ग को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। उनका दावा है कि सड़क पर सरकारी धन खर्च हो चुका है और वर्षों से लोग इसका उपयोग कर रहे हैं, लेकिन समय-समय पर आवाजाही को लेकर विवाद खड़ा किया जाता है।
दूसरी ओर संबंधित महिला का कहना है कि उक्त स्थान सड़क नहीं बल्कि रास्ता है तथा भारी मशीनों की आवाजाही से उसकी निजी भूमि को नुकसान पहुंचता है।डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला के खिलाफ राजगढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान कुत्तों के हमले में एक पुलिस जवान और दो छात्र घायल हुए हैं। मामले की जांच जारी है।विवाद के समाधान के बाद मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। हालांकि सड़क को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है, लेकिन इस बार चर्चा का केंद्र केवल जमीनी विवाद नहीं बल्कि उसमें हुई कुत्तों की अप्रत्याशित एंट्री भी रही।