Loading...

अर्शप्रीत और राजेश त्यागी के नाम रही राजगढ़ मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या

PRIYANKA THAKUR • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Himachalnow / रराजगढ़

राजगढ़ जिला स्तरीय बैशाखी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या में अर्शप्रीत, राजेश त्यागी और हिमाचली जोड़ी ने अपनी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को संगीतमय बनाया। युवाओं ने पहाड़ी नाटियों और पंजाबी गीतों पर देर रात तक हिस्सा लिया, जिससे पूरा पंडाल संगीत और नृत्य से भर गया। कार्यक्रम में कई अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं, जबकि मुख्य अतिथि आरएस बाली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

राजगढ़

जिला स्तरीय बैशाखी मेले की दूसरी सांस्कृतिक संध्या उत्साह और उमंग के बीच संपन्न हुई, जिसमें प्रसिद्ध पंजाबी गायक अर्शप्रीत, पहाड़ी लोक गायक राजेश त्यागी और हिमाचली जोड़ी ने अपने शानदार प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कलाकारों के गीतों पर युवाओं ने देर रात तक जमकर ठुमके लगाए और पूरा पंडाल झूमता नजर आया।कार्यक्रम की शुरुआत में अर्शप्रीत ने दमादम मस्त कलंदर, जुगनी सहित कई लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए, जिससे माहौल पूरी तरह जोश से भर गया। इसके बाद राजेश त्यागी और हिमाचली जोड़ी ने पहाड़ी नाटियों की शानदार प्रस्तुति दी। “बसी गोई दिल दी मेरे प्यारिए” जैसी नाटियों पर दर्शक खुद को थिरकने से नहीं रोक पाए।

सांस्कृतिक संध्या में रामेश्वर शर्मा, सुमन सोनी, शकुंतला तनवर, रमेश कटोच, सोनू भारद्वाज और विद्या दत्त धालटा सहित अन्य कलाकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।हालांकि कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण के रूप में आमंत्रित पार्श्व गायक अमित कुमार दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतर सके। उनके मंच पर आते ही कुछ समय बाद पंडाल से दर्शकों के बाहर जाने का सिलसिला भी देखने को मिला।कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की, जबकि कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेला समिति अध्यक्ष एवं एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों को शॉल, हिमाचली टोपी व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आरएस बाली ने कहा कि मेले और त्योहार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन जहां लोगों को आपस में जुड़ने का अवसर देते हैं, वहीं हमारी संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में भी अहम भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर डीएसपी बीसी नेगी, तहसीलदार राजगढ़ राजेन्द्र शर्मा, नायब तहसीलदार सुशांत कुमार, नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष ज्योति साहनी, दिनेश आर्य सहित अन्य गणमान्य लोग और मेला समिति के सदस्य मौजूद रहे।