एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने दिलाई शपथ, जनहित और विकास को प्राथमिकता देने का किया आह्वान
राजगढ़ नगर पंचायत के नवनिर्वाचित पार्षदों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की। एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई और जनहित में कार्य करने का आह्वान किया।
राजगढ़
नगर पंचायत राजगढ़ के नवनिर्वाचित पार्षदों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर अपने कार्यकाल की औपचारिक शुरुआत की। नगर पंचायत सभागार में आयोजित समारोह में एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने सभी निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण समारोह में वार्ड नंबर-1 से नरेंद्र ठाकुर, वार्ड नंबर-2 से पुरण सिंह, वार्ड नंबर-3 से बिमला कश्यप, वार्ड नंबर-4 से ज्योति साहनी, वार्ड नंबर-5 से रीना कुमारी, वार्ड नंबर-6 से विक्रम जैलदार तथा वार्ड नंबर-7 से राकेश ठाकुर ने पार्षद पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
इस अवसर पर एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने नवनिर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्षदों से ईमानदारी, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए नगर पंचायत क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।समारोह के दौरान नवनिर्वाचित पार्षदों ने भी नगर पंचायत क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
शपथ ग्रहण समारोह में पच्छाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा, पूर्व ब्लॉक कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर, नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष दिनेश आर्य, पूर्व पार्षद सुमन चौहान सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।नगर पंचायत के नए सदन के गठन के साथ ही अब क्षेत्र के विकास कार्यों और नगर की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ गई हैं।
