NDPS / ट्रक से 9.346 किलो चूरापोस्त बरामद, चालक गिरफ्तार
Himachalnow / रराजगढ़
NDPS : राजगढ़ में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 9.346 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस ने मौके पर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है और नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है।
राजगढ़
जिला सिरमौर के राजगढ़ में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में चूरापोस्त बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके पर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को थाना राजगढ़ की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी और मादक पदार्थों से संबंधित सूचनाएं जुटा रही थी। इसी दौरान पबियाना के पास एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक ट्रक में अवैध रूप से चूरापोस्त ले जाया जा रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बटोल (सनौरा) मुख्य सड़क पर नाका लगाया। कुछ देर बाद संदिग्ध ट्रक को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान रामलाल शर्मा निवासी गांव भनोग, तहसील राजगढ़ के रूप में बताई।इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक की बॉडी में छिपाकर रखी गई पॉलीथीन से कुल 9.346 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने तुरंत आरोपी को गिरफ्तार कर नशीली खेप जब्त कर ली।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 15 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अब इस बात की जांच में जुट गई है कि यह नशीली खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के प्रयास भी तेज कर दिए गए हैं।मामले की पुष्टि करते हुए जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।