राजगढ़ व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी गठित, राजेंद्र ठाकुर बने अध्यक्ष
राजगढ़ व्यापार मंडल की आम सभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। राजेंद्र ठाकुर को अध्यक्ष चुना गया तथा व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। बाजार के विकास, पार्किंग, सफाई व्यवस्था और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही गई।
राजगढ़
व्यापार मंडल राजगढ़ की आम सभा का आयोजन शुक्रवार को सनातन धर्म मंदिर परिसर में किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया। इस दौरान सर्वसम्मति से व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया तथा व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।सभा में राजेंद्र ठाकुर को व्यापार मंडल राजगढ़ का अध्यक्ष चुना गया। राकेश मेनी, हरदेव भारद्वाज, क्रांति चौहान, राजीव ठाकुर, शिव बहोरा तथा सुरेंद्र ठाकुर को उपाध्यक्ष बनाया गया। सुरेंद्र ठाकुर को महासचिव, हर्ष आनंद और अंशुल पुंडीर को सचिव तथा अशोक सूद को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
वहीं हरिओम खेड़ा, अरविंद राय (बंटी), मनीष ठाकुर तथा टिटू शर्मा को मुख्य सलाहकार नियुक्त किया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में मनीष सूद, भानु शर्मा, रजनीश ठाकुर, हरिचंद (चंदू), विरेंद्र, विनय शर्मा, विशाल ठाकुर, अशोक ठाकुर, कन्हैया लाल तथा विवेक सूद को शामिल किया गया।बैठक में बाजार की पार्किंग व्यवस्था, सफाई व्यवस्था, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा व्यापारियों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। व्यापारियों ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर जोर दिया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने सभी व्यापारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि व्यापार मंडल राजगढ़ के प्रत्येक व्यापारी की आवाज बनकर कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि बाजार की मूलभूत समस्याओं के समाधान, व्यापारिक माहौल को बेहतर बनाने तथा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन पूरी मजबूती से कार्य करेगा।
अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर का बयान
“व्यापार मंडल राजगढ़ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपने के लिए मैं सभी व्यापारियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। यह केवल मेरा नहीं बल्कि पूरे व्यापारी वर्ग का सम्मान है। हमारी प्राथमिकता बाजार की पार्किंग, सफाई, यातायात व्यवस्था और व्यापारियों की लंबित समस्याओं के समाधान पर रहेगी। हम सभी व्यापारियों को साथ लेकर एक मजबूत और सक्रिय व्यापार मंडल का निर्माण करेंगे तथा व्यापारिक हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को प्रशासन और सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे। राजगढ़ बाजार के विकास और व्यापारियों के सम्मान के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।” – राजेंद्र ठाकुर, अध्यक्ष, व्यापार मंडल राजगढ़।