Loading...

रखोह में 30 मीटर पैदल रास्ता बंद करने का आरोप, एससी आयोग से कार्रवाई की गुहार

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 54 Mins Ago • 1 Min Read

बंगाणा उपमंडल के रखोह गांव की बिम्बो कुमारी ने घर तक जाने वाला करीब 30 मीटर लंबा आम पैदल रास्ता बंद किए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य अनुसूचित जाति आयोग से रास्ता तत्काल खुलवाने, मामले की जांच कराने और आरोपों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। आयोग के सदस्य अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा ने शिकायत पर विधिसम्मत कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

बिम्बो कुमारी ने मंगलवार को आयोग के ऊना स्थित कार्यालय में अध्यक्ष के नाम संबोधित शिकायत पत्र आयोग के सदस्य अधिवक्ता डॉ. विजय डोगरा को सौंपा। इस दौरान उनके पिता उत्तम चंद, एनसीडीएचआर के स्टेट जनरल सेक्रेटरी राज महे और हटली पंचायत के बलबीर चंद भी मौजूद रहे। अनुसूचित जाति समुदाय से संबंध रखने वाली बिम्बो कुमारी ने शिकायत में आरोप लगाया कि पड़ोसी उनकी निजी भूमि पर अपने मकान और पशुशाला की सुरक्षा के लिए जबरन डंगा लगाना चाहते हैं।

शिकायत के अनुसार, 24 अक्तूबर को जेसीबी से गहरा गड्ढा खोदकर उनके घर तक जाने वाला आम पैदल रास्ता बंद कर दिया गया, जिससे परिवार की आवाजाही प्रभावित हो रही है। बिम्बो कुमारी ने धमकियां देने और घर से बेघर करने की धमकी मिलने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने आयोग से रास्ता खुलवाने के साथ पूरे मामले की जांच कराने तथा रास्ता अवरुद्ध करने और धमकियां देने के आरोपों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।

Related Topics: •