24 जुलाई तक करें पंजीकरण, सिरमौर में होगा ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ मेगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
मेरा युवा भारत (माय भारत) सिरमौर द्वारा ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ विषय पर मेगा जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत युवाओं के लिए आठ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा, जिनके लिए 24 जुलाई 2026 तक पोर्टल पर पंजीकरण करना अनिवार्य है। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।
नाहन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) सिरमौर द्वारा जिले में ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ विषय पर मेगा जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के लिए लोक नृत्य, लोक संगीत, भाषण, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, पेंटिंग, ऑनलाइन रील निर्माण तथा ऑनलाइन स्लोगन लेखन सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए मेरा युवा भारत पोर्टल पर संबंधित प्रतियोगिता श्रेणी में पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण की अंतिम तिथि 24 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिला युवा अधिकारी ने जिले के सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा युवा संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि युवाओं की सक्रिय सहभागिता से ही नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकता है। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का भी प्रयास किया जाएगा।