धर्म पर अभद्र टिप्पणी से उबाल: “आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो सड़कों से लेकर देशभर तक होगा आंदोलन”
सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर नाहन में मुस्लिम समुदाय ने कड़ा विरोध जताया। अंजुमन इस्लामिया ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। समुदाय के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन किया जाएगा।
नाहन
सोशल मीडिया पर धर्म विशेष के खिलाफ की गई कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर जिला मुख्यालय नाहन में मुस्लिम समुदाय में भारी रोष देखने को मिला। अंजुमन इस्लामिया के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने एकत्रित होकर पुलिस अधीक्षक सिरमौर को ज्ञापन सौंपा और आरोपी के खिलाफ तत्काल गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई।मामले को लेकर अंजुमन इस्लामिया के सदर बॉबी अहमद ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक भावनाओं को भड़काने और समाज में जहर घोलने वाली ऐसी घटनाएं देश के सामाजिक ताने-बाने के लिए बेहद खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी धर्म के खिलाफ इस प्रकार की टिप्पणियां लगातार होती रहीं और लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत होती रहीं तो आने वाले वर्षों में हालात बेहद चिंताजनक हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि नफरत और उकसावे की राजनीति समाज को ऐसी दिशा में धकेल रही है जहां लोगों की पहचान केवल धर्म के आधार पर की जाने लगेगी। बॉबी अहमद ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसा माहौल बन सकता है कि यह भी पता नहीं चलेगा कि जल रहा घर किसी हिंदू का है या मुसलमान का, क्योंकि नफरत की आग किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं रहती।बॉबी अहमद ने कहा कि मुस्लिम समुदाय हमेशा कानून और संविधान में विश्वास रखता है, लेकिन कानून का पैमाना सभी के लिए समान होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि इसी प्रकार की टिप्पणी किसी मुस्लिम व्यक्ति द्वारा की गई होती तो अब तक उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई हो चुकी होती। उन्होंने कहा कि कानून के समक्ष सभी नागरिक बराबर हैं और किसी भी प्रकार का दोहरा मापदंड स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने संबंधित व्यक्ति पर जानबूझकर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणियां समाज को बांटने और लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर करने का प्रयास हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले में बिना किसी दबाव के निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।बॉबी अहमद ने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो मुस्लिम समुदाय लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो आंदोलन जिला और प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्रीय स्तर तक भी ले जाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अंजुमन इस्लामिया हमेशा सभी धर्मों के सम्मान और आपसी भाईचारे की पक्षधर रही है। किसी भी धर्म, देवी-देवता, पैगंबर, गुरु या धार्मिक प्रतीकों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग न केवल निंदनीय है बल्कि सामाजिक सद्भाव के लिए भी खतरा है। उन्होंने सभी समुदायों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए प्रशासन से कानून के अनुसार त्वरित कार्रवाई की मांग की।ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मौजूद रहे। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन समुदाय के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि मामले में कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आगामी रणनीति पर विचार किया जाएगा।