Loading...

रेणुका जी को धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा: विनय कुमार

हिमाचलनाउ डेस्क • 30 Apr 2025 • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश विधान सभा के उपाध्यक्ष एवं श्री रेणुका जी विकास बोर्ड के अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि जिला सिरमौर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रेणुका जी को धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार हरसंभव प्रयास करेगी। उन्होंने यह बात आज भगवान परशुराम मंदिर परिसर में आयोजित हवन अनुष्ठान एवं पूजा-अर्चना के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

विनय कुमार ने परशुराम जयंती के अवसर पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस वर्ष भी यह पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बीते दिन भगवान परशुराम की पालकी को कटाह शीतला से रेणुका जी तक लाया गया, जहां भव्य शोभायात्रा के माध्यम से पालकी तहसील कार्यालय ददाहु से होते हुए मंदिर तक पहुंची।

आज सुबह श्रद्धालुओं ने पवित्र रेणुका झील की परिक्रमा की, जिसके बाद हवन अनुष्ठान संपन्न हुआ। इस अवसर पर विनय कुमार की माता विद्या देवी और धर्मपत्नी सीमा भूषण भी धार्मिक आयोजन में सम्मिलित हुईं। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में भगवान परशुराम की पालकी की विदाई होगी और वन विभाग मैदान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में तहसीलदार ददाहु जय सिंह ठाकुर, एचएसओ प्रियंका चौहान, रेणुका जी विकास बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी भरत सिंह ठाकुर, पूर्व सीईओ रविंद्र गुप्ता, बोर्ड सदस्य श्यामा ठाकुर, इंद्र सिंह रागंड, इंद्र प्रकाश गोयल, तपेंद्र सिंह फौजी और रणदीप सिंह ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।