Loading...

परीक्षाओं की तारीखों के टकराव से युवाओं को मिलेगी निजात! ‘सिंगल एग्जाम कैलेंडर’ के लिए एनएसयूआई की बड़ी पहल

Shailesh Saini • 41 Mins Ago • 1 Min Read

गृह जिले में परीक्षा केंद्र बनाने की भी उठाई मांग, प्रदेश के सभी 12 जिलों में चलेगा डिजिटल हस्ताक्षर अभियान, मुख्यमंत्री को सौंपेंगे मांगपत्र

हिमाचल नाऊ न्यूज़ | शिमला

हिमाचल प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तारीखों के टकराव के चलते युवाओं के हाथ से निकल रहे रोजगार के अवसरों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बड़ी पहल की है। संगठन ने प्रदेश में ‘सिंगल एग्जाम कैलेंडर सिस्टम’ लागू करवाने और अभ्यर्थियों को उनके गृह जिले अथवा नजदीकी क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाने की मांग को लेकर प्रदेशव्यापी डिजिटल हस्ताक्षर एवं सुझाव अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष अनित जसवाल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग, राज्य चयन आयोग, स्कूल शिक्षा बोर्ड और विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच आपसी समन्वय के अभाव में अक्सर परीक्षाओं की तारीखें आपस में टकरा जाती हैं।

कई बार प्रदेश की भर्ती परीक्षाओं के दिन ही एसएससी, सीटीईटी और यूजीसी नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाएं भी निर्धारित होती हैं। ऐसे में हजारों युवाओं को किसी एक परीक्षा से वंचित होना पड़ता है।

अनित जसवाल ने कहा कि सामान्य परिवारों के युवा अपनी जमा पूंजी खर्च कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा की तारीखों का टकराव उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर देता है। वहीं, दूरदराज के क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ और मानसिक दबाव बढ़ता है।

उन्होंने बताया कि एनएसयूआई मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के समक्ष विस्तृत मांगपत्र प्रस्तुत करेगी। इसमें सभी भर्ती आयोगों, शिक्षा बोर्ड और विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ वर्ष की शुरुआत में संयुक्त वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी। राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के कैलेंडर को ध्यान में रखते हुए प्रदेश की परीक्षाओं की तिथियां निर्धारित करने की भी मांग की जाएगी।

इसके अलावा चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू सहित दूरदराज के क्षेत्रों के अभ्यर्थियों को गृह जिले अथवा नजदीकी क्षेत्रों में परीक्षा केंद्र उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जाएगा। इसके लिए सरकारी महाविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों की कंप्यूटर लैब का इस्तेमाल करने का सुझाव भी दिया गया है।

अनित जसवाल ने बताया कि प्रदेश के सभी 12 जिलों में एनएसयूआई की कॉलेज इकाइयों और पुस्तकालयों के माध्यम से क्यूआर कोड आधारित डिजिटल हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। गूगल फॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों के वास्तविक अनुभव, समस्याएं और सुझाव एकत्रित कर उनका विस्तृत दस्तावेज तैयार किया जाएगा, जिसे मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं के हितों को प्राथमिकता दे रही है। एनएसयूआई छात्र समुदाय और सरकार के बीच मजबूत सेतु बनकर समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में काम करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने युवाओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि संगठन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करवाना है कि हिमाचल का कोई भी मेहनती युवा महज परीक्षा की तारीखों के टकराव या परीक्षा केंद्र की दूरी के कारण रोजगार के अवसर से वंचित न रहे।