Loading...

Republic Day 2023: गणतंत्र दिवस परेड में इस बार बनेगा यह खास रिकॉर्ड, जाने और क्या होगा….

PRIYANKA THAKUR • 26 Jan 2023 • 1 Min Read

पूरा देश आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज कर्तव्य पथ पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। परेड में आज कुल 23 झांकियां देखने को मिलेंगी। सभी झांकियों की थीम भी अलग-अलग होगी। 17 झांकियां देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की होंगी जबकि छह अलग सरकारी मंत्रालयों और विभागों की होंगी। इस साल मिस्र के राष्ट्रपति अब्लेद फतह अल-सीसी गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।

गणतंत्र दिवस पर क्या होगा खास?

इस गणतंत्र दिवस की परेड में सिर्फ मेड इन इंडिया यानी स्वदेशी हथियारों का ही प्रदर्शन होगा। यहां तक की प्रदर्शन होने वाला गोला-बारूद भी स्वदेशी होगा। पहली बार होगा जब भारत में बनी 105 एमएम इंडियन फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। अब तक ये सलामी ब्रिटिश 21 पाउंडर गन से दी जाती रही है।

इसके अलावा इस बार नए भर्ती हुए अग्निवीर भी परेड का हिस्सा बनेंगे। वहीं, बीएसएफ की कैमल कंटिन्जेंट के हिस्से के तौर पर महिला सैनिक भाग लेंगी और नौसेना के कंटिन्जेंट के 144 सैनिकों की लीडर भी महिला होगी। इस गणतंत्र दिवस की थीम ‘जन भागीदारी’ रखी गई है। इस साल का गणतंत्र दिवस समारोह कई मायनों में खास होगा। क्योकि पहली बार सीमा सुरक्षा बल के ऊंट सवार दल में महिला टुकड़ी शामिल है।

गणतंत्र दिवस परेड के दौरान देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आर्थिक और सामाजिक प्रगति और मजबूत आंतरिक और बाहरी सुरक्षा को दर्शाती तेईस झांकियां-राज्यों/केन्द्र शासित प्रदेशों से 17 और विभिन्न मंत्रालयों/विभागों से छह झांकियां कर्तव्य पथ पर देखने को मिलेंगी।

इस साल के बीटिंग रिट्रीट समारोह में भारत में अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन डिस्प्ले होगा, जिसमें पिछले साल 1,000 के मुकाबले 3,500 ड्रोन एक साथ उड़ेंगे। भारत में निर्मित पहला स्वदेशी हल्का लड़ाकू हेलीकॉप्टर, ‘प्रचंड,’ गणतंत्र दिवस परेड में ‘आत्मनिर्भरता’ भारत की शक्ति का प्रदर्शन करेगा।