Results / अग्निवीर भर्ती के ऑनलाइन सीईई-2027 का परिणाम घोषित, मंडी एआरओ के 2,769 अभ्यर्थी हुए चयनित
Results : भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती के लिए आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई)-2027 का परिणाम घोषित कर दिया है। मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के 2,769 अभ्यर्थियों का विभिन्न श्रेणियों में चयन हुआ है, जिन्हें आगामी भर्ती रैलियों में शारीरिक दक्षता परीक्षा और चिकित्सा परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
शिमला
सीईई-2027 का परिणाम जारी
भर्ती कार्यालय (एआरओ) मंडी के भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने बताया कि भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती के ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई)-2027 का परिणाम घोषित कर दिया है। अंबाला ज़ोन के लिए जारी मेरिट सूची में सफल अभ्यर्थी भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना परिणाम देख और डाउनलोड कर सकते हैं। परिणाम देखने के लिए अभ्यर्थी Join Indian Army Official Website पर जाकर CEE टैब का उपयोग कर सकते हैं।
2,769 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
भर्ती कार्यालय के अनुसार मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के 2,769 अभ्यर्थियों का विभिन्न श्रेणियों में चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती वर्ष 2026-27 के दौरान आयोजित होने वाली भर्ती रैलियों में शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Fitness Test) और चिकित्सा परीक्षण (Medical Examination) के लिए बुलाया जाएगा। सीईई के बाद यही दोनों चरण अंतिम चयन प्रक्रिया का हिस्सा होंगे।
भर्ती रैलियों का कार्यक्रम
अग्निवीर जनरल ड्यूटी, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन और टेक्निकल श्रेणियों की भर्ती रैली 2 से 6 फरवरी 2027 तक पड्डल ग्राउंड, मंडी में आयोजित होगी। वहीं सोल्जर (नर्सिंग असिस्टेंट), सिपाही फार्मा, धार्मिक शिक्षक (रिलिजियस टीचर) और जेसीओ श्रेणियों की भर्ती रैली 20 से 27 जुलाई 2026 तक रोहतक में होगी। महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती रैली अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह में अंबाला में आयोजित की जाएगी।
एडमिट कार्ड ई-मेल और वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे
भर्ती कार्यालय ने बताया कि भर्ती रैलियों के एडमिट कार्ड अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पर भेजे जाएंगे। इसके अतिरिक्त अभ्यर्थी भर्ती रैली शुरू होने से 3 से 4 सप्ताह पहले Join Indian Army Portal पर लॉगिन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।