Road Accident / पालमपुर के बंदला में बोलेरो पिकअप खाई में गिरी, दो युवकों की मौत, एक गंभीर घायल
Road Accident : पालमपुर के बंदला पंचायत में शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। भारी बारिश के बीच वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और बोलेरो जीप गहरी खाई में जा गिरी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा/पालमपुर
500 फीट गहरी खड्ड में गिरा वाहन
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के अंतर्गत पालमपुर की बंदला पंचायत में शनिवार रात एक बोलेरो जीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा छिड़ चौक के पास उस समय हुआ, जब वाहन सौरभ वन विहार मार्ग से गुजर रहा था। भारी बारिश के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और जीप करीब 500 फीट गहरी न्यूगल खड्ड में जा गिरी।
दो युवकों की मौके पर मौत
इस भीषण हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 23 वर्षीय अभय (उर्फ अब्बू) और 27 वर्षीय निशांत के रूप में हुई है, जो बंदला गांव के ही निवासी थे। हादसे के दौरान वाहन में सवार तीसरा युवक वरुण (उर्फ बन्नू) गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल की हालत नाजुक, टांडा रेफर
घायल वरुण को प्राथमिक उपचार के बाद डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
क्षेत्र में शोक, नेताओं ने जताई संवेदना
एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने भी सिविल अस्पताल पालमपुर पहुंचकर घायल का हाल जाना और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।