Road Closed: दौलतपुर चौक के पास एनएमटी रोड का हिस्सा 15 दिन बंद, आधी सड़क से जारी रहेगी आवाजाही
सांकेतिक इमेज
Road Closed: उपमंडल गगरेट में सीएचसी दौलतपुर चौक के समीप एनएमटी रोड का किलोमीटर 66/700 से 66/900 तक का हिस्सा 6 से 20 सितंबर तक यातायात के लिए अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस दौरान सड़क का आधा हिस्सा वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रखा जाएगा। यह व्यवस्था सड़क की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्यों को तेजी से और सुचारू रूप से पूरा करने के लिए लागू की गई है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 और 116 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद रहने की अवधि और यातायात व्यवस्था के बारे में जनता को पहले से सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं। वाहन चालकों को मार्ग परिवर्तन की जानकारी देने के लिए सड़क पर अग्रिम सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात का संचालन व्यवस्थित रखा जा सके।