रोटरी क्लब ने मॉडल सेंट्रल जेल में लगाई हैप्पीनेस वर्कशॉप, कैदियों को बांटे हियरिंग एड
रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स ने मॉडल सेंट्रल जेल, नाहन में ‘हैप्पीनेस वर्कशॉप’ आयोजित कर कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने पर जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान सुनने में परेशानी का सामना कर रहे कैदियों को हियरिंग एड वितरित किए गए तथा विशेषज्ञों ने तनाव प्रबंधन और ध्यान के महत्व पर मार्गदर्शन दिया।
नाहन
रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की ओर से गुरुवार को मॉडल सेंट्रल जेल, नाहन में ‘हैप्पीनेस वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया। ‘जॉय ऑफ हियरिंग’ थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में कैदियों के मानसिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रेरणादायक सत्र आयोजित किए गए। साथ ही सुनने में परेशानी से जूझ रहे कैदियों को हियरिंग एड भी वितरित किए गए।कार्यक्रम में रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीता कालरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान डॉ. हरलीन और डॉ. हरसिमरन ने कैदियों को खुशी, आत्मविश्वास, तनाव प्रबंधन और ध्यान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाने की सबसे बड़ी शक्ति है।
सेवा प्रकल्प के तहत सुनने में कठिनाई का सामना कर रहे कैदियों को हियरिंग एड प्रदान किए गए, जिससे उन्हें सामान्य जीवन में बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायता मिलेगी। रोटरी क्लब ने इसे समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का हिस्सा बताया।क्लब ने मॉडल सेंट्रल जेल के अधीक्षक भानु प्रकाश तथा डॉ. शोभित का कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष प्रगति सबलोक, सचिव विकास रतन, डॉ. एस.के. सबलोक, अमित अत्री, कुलदीप सिंह, कल्पना बंसल, डॉ. सी.एल. शर्मा, सहायक गवर्नर भविष्य गौतम, राकेश थापा, मनीष जैन सहित रोटरी क्लब, रोटरी संगिनी तथा इनर व्हील क्लब नाहन क्लासिक के पदाधिकारी एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस दौरान रोटरी क्लब ने 26 जुलाई को सुबह 9:30 बजे फायर स्टेशन के समीप स्थित निर्मल हेल्थ सर्विसेज, नाहन में आयोजित होने वाले निःशुल्क नेत्र जांच शिविर की भी घोषणा की। शिविर का उद्घाटन उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा करेंगी। क्लब ने स्वास्थ्य, जनकल्याण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े सेवा कार्य आगे भी निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
