सरकारी अस्पताल नाहन को रोटरी क्लब ने दिए मेडिकल उपकरण, स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित
रोटरी क्लब ऑफ नाहन सिरमौर हिल्स ने सरकारी अस्पताल नाहन के बच्चों के वार्ड को दो ग्लूकोमीटर और दो नेबुलाइज़र भेंट किए। कार्यक्रम के दौरान मैटरनिटी वार्ड में गर्भवती महिलाओं एवं मरीजों के लिए स्वास्थ्य जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। क्लब ने भविष्य में भी स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े सेवा अभियान जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
नाहन
रोटरी क्लब ऑफ नाहन सिरमौर हिल्स ने शनिवार को सरकारी अस्पताल नाहन में मातृ एवं शिशु कल्याण को समर्पित सेवा अभियान के तहत बच्चों के वार्ड को दो ग्लूकोमीटर और दो नेबुलाइज़र भेंट किए। क्लब की इस पहल का उद्देश्य अस्पताल में उपचार सुविधाओं को सुदृढ़ करना और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग देना है।
इस अवसर पर मैटरनिटी वार्ड में स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का भी आयोजन किया गया। डॉ. विनय गुप्ता ने गर्भवती महिलाओं एवं अन्य मरीजों को प्रजनन स्वास्थ्य, संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व की जानकारी दी। उपस्थित मरीजों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे उपयोगी बताया।
रोटरी क्लब ने बताया कि वर्ष 2024-25 में क्लब ने सरकारी अस्पताल के बच्चों के वार्ड को गोद लिया था और तब से वार्ड में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं।
यह कार्यक्रम क्लब की अध्यक्ष रोटेरियन प्रगति सबलोक के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस दौरान सचिव रोटेरियन विकास रतन, डॉ. एस.के. सबलोक, पूर्व अध्यक्ष अमित अत्री, अमित डहरी, डॉ. नवीन गुप्ता, डॉ. विनय गुप्ता और डॉ. तापेंद्र ठाकुर सहित कई रोटेरियन मौजूद रहे। अस्पताल की ओर से डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. पवन तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि रोटरी समाज के स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े कार्यों के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए अस्पताल प्रशासन का आभार भी व्यक्त किया।