Loading...

संगड़ाह में अवैध डंपिंग का कहर, मलवे में दबी कार व बाइक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 6 May 2026 • 1 Min Read

Himachalnow / सिरमौर

संगड़ाह क्षेत्र में भारी बारिश के बाद चूना पत्थर खदान से आए मलबे ने सड़क पर खड़ी एक कार और बाइक को दबा दिया, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि खदान से निकलने वाला मलबा अवैध रूप से सड़क के ऊपर डंप किया जा रहा है, जिससे हर बारिश में खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

संगड़ाह

जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में एक बार फिर चूना पत्थर खदान से आई आपदा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। संगड़ाह मुख्यालय से करीब एक किलोमीटर दूर वालिया लाइमस्टोन खदान से बारिश के बाद बहकर आए भारी मलवे में एक कार और एक बाइक दब गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खदान से निकलने वाले हजारों मीट्रिक टन मलवे को संगड़ाह-रेणुकाजी-नाहन सड़क के ठीक ऊपर अवैध रूप से डंप किया जा रहा है। बार-बार शिकायतों के बावजूद न तो संबंधित विभाग और न ही प्रशासन इस पर कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है।लोगों का कहना है कि हर बारिश के दौरान यही स्थिति बन जाती है। तेज बरसात होते ही मलबा बहकर सड़क पर आ जाता है, जिससे न केवल यातायात बाधित होता है बल्कि जान-माल का खतरा भी बना रहता है। पहले भी इस स्थान पर कई वाहन मलवे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध डंपिंग पर तुरंत रोक लगाई जाए और इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Related Topics: