Loading...

Sanjauli Case / मारपीट, तोड़फोड़ और सार्वजनिक जुलूस मामले में चार और गिरफ्तार, कुल छह आरोपी हिरासत में

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Sanjauli Case : शिमला के संजौली क्षेत्र में नाबालिग से कथित छेड़छाड़ की शिकायत के बाद दुकान में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और दो लोगों का सार्वजनिक जुलूस निकालने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में चार और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब तक कुल छह लोग पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार अजीम मिर्जा ने आरोप लगाया था कि कुछ लोग उनकी दुकान में घुस आए और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की तारें भी तोड़ दीं। शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद उन्हें और उनके सहकर्मी आफताब को दुकान से बाहर ले जाकर मारपीट की गई तथा सार्वजनिक रूप से उनका जुलूस निकाला गया। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए थे, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

चार नई गिरफ्तारियों के बाद संख्या पहुंची छह

पुलिस ने मामले में पहले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान अब श्वेता चौहान, कल्पना शर्मा, गौरव कुमार और गगन शर्मा को भी गिरफ्तार किया गया है। इन गिरफ्तारियों के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या छह हो गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जुटाए जा रहे साक्ष्यों के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने कानून हाथ में न लेने की दी चेतावनी

जिला शिमला पुलिस ने लोगों से किसी भी विवाद या आपराधिक घटना की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लेने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति द्वारा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने या स्वयं कार्रवाई करने के प्रयासों पर सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

Related Topics: