सनौरा-छोगटाली सड़क की डीपीआर प्रक्रिया शुरू, 7.49 लाख रुपये में काम आवंटित
सनौरा–छोगटाली सड़क विधायक प्राथमिकता में शामिल, भाजपा मंडल ने रीना कश्यप का जताया आभार
हिमाचल नाऊ न्यूज| राजगढ़।
सनौरा से छोगटाली तक सड़क को विधायक प्राथमिकता में शामिल किए जाने तथा इसके सुधारीकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर भाजपा राजगढ़ मंडल ने पच्छाद की विधायक रीना कश्यप का आभार जताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि सड़क के सुधारीकरण और चौड़ीकरण से क्षेत्र के हजारों लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद है।
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश वर्मा, बीडीसी अध्यक्षा रमा देवी, बीडीसी उपाध्यक्ष राजेश कुमार, नगर पंचायत उपाध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर और जिला परिषद सदस्य सरोज बाला सहित अन्य नेताओं ने कहा कि सनौरा–छोगटाली सड़क पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ रेणुका और शिलाई विधानसभा क्षेत्रों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग के रूप में भी अहम भूमिका निभाती है। सड़क के सुधारीकरण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को मजबूती मिलेगी।
भाजपा नेताओं ने बताया कि विधायक रीना कश्यप के प्रयासों और विधानसभा में इस मुद्दे को लगातार उठाने के बाद अब सड़क के सुधारीकरण से संबंधित विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए 7 लाख 49 हजार 984 रुपये की राशि से कार्य आवंटित किया गया है। डीपीआर तैयार होने के बाद आगामी स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित कार्य के तहत सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के अलावा आवश्यक स्थानों पर सुरक्षा दीवारें, क्रैश बैरियर, पुलियों के निर्माण एवं मरम्मत जैसे कार्य किए जाने की संभावना है। इससे सड़क अधिक सुरक्षित और मजबूत बनेगी तथा स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और व्यापारियों को सुविधा मिलेगी।
भाजपा मंडल नेताओं ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें लोगों की जीवनरेखा हैं और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार व व्यापार जैसी आवश्यक सुविधाएं बेहतर सड़क संपर्क पर निर्भर करती हैं। उन्होंने विधायक रीना कश्यप का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि डीपीआर और आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सड़क सुधारीकरण का कार्य जल्द धरातल पर शुरू होगा।
