Loading...

संत रविदास का समता-सद्भाव का संदेश घर-घर पहुंचाएगी कलश यात्रा : राकेश डोगरा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला सिरमौर के सह प्रभारी राकेश डोगरा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही पवित्र कलश यात्रा समता, सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी राजनीतिक उद्देश्य या किसी जाति विशेष के वोट बैंक से प्रेरित नहीं है, बल्कि संत रविदास जी के आदर्शों और उनके सामाजिक संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का राष्ट्रीय अभियान है।

नाहन

भाजपा कार्यालय दीपकमल में कार्यशाला व प्रेसवार्ता, 20 फरवरी तक प्रदेशभर में चलेंगे 650वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रम। रविवार को नाहन स्थित भाजपा जिला कार्यालय दीपकमल में आयोजित कार्यशाला के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए राकेश डोगरा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व तथा भाजपा के राष्ट्रीय संगठन के आह्वान पर देशभर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर व्यापक जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 29 जुलाई को संत रविदास जी की जन्मस्थली वाराणसी से पवित्र कलश यात्रा का शुभारंभ हुआ। हिमाचल प्रदेश के लिए गठित 15 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल वाराणसी से कलश लेकर लौटा है और अब यह यात्रा पूरे प्रदेश में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जा रही है।

उन्होंने बताया कि यात्रा रविवार को सिरमौर जिले में प्रवेश कर रही है। नाहन और माजरा सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा इसका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा सोलन, शिमला, बिलासपुर, मंडी, हमीरपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों का भ्रमण करेगी। आगामी 9 अगस्त तक जिला स्तर पर यात्रा का कार्यक्रम रहेगा, जबकि इसके बाद कलशों को विधानसभा और पंचायत स्तर तक पहुंचाया जाएगा। संत रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित यह अभियान आगामी 20 फरवरी तक पूरे प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर संचालित होगा।

राकेश डोगरा ने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन से समाज को समानता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और मानवता का संदेश दिया। भारतीय जनता पार्टी उन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी जातियों, वर्गों और समुदायों के सम्मान में विश्वास रखती है तथा यह कलश यात्रा समाज को जोड़ने, सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने और संत रविदास जी के प्रेरणादायी विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

इससे पूर्व आयोजित कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में विधायक पांवटा साहिब सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता बलदेव तोमर, नारायण सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, जिला परिषद उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग सहित भाजपा के जिला, मंडल एवं पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।