सराहां अस्पताल में सोमवार से शुरू होगी अल्ट्रासाउंड सुविधा, पच्छाद की 40 पंचायतों को राहत
नाहन। हिमाचल प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार के गृह क्षेत्र पच्छाद के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सिविल अस्पताल सराहां में सोमवार से पहली बार अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने जा रही है। इससे क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए सोलन, नाहन और अन्य अस्पतालों के चक्कर काटने से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, फिलहाल अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं सप्ताह में केवल एक दिन उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जा रही है।
नाहन
विधायक रीना कश्यप के प्रयासों के बाद अस्पताल को मिली मशीन, फिलहाल सप्ताह में एक दिन आएंगे रेडियोलॉजिस्ट; नियमित नियुक्ति की मांग बरकरार
हिमाचल नाऊ न्यूज़ | नाहन
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के लोग लंबे समय से सिविल अस्पताल सराहां में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग कर रहे थे। विधायक रीना कश्यप ने इस मुद्दे को कई बार विधानसभा में उठाने के साथ मुख्यमंत्री के समक्ष भी क्षेत्र की समस्या रखी। इसके बाद प्रदेश सरकार की ओर से अस्पताल को नई अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाई गई है। मशीन इंस्टॉल होने के बाद अब मरीजों को जांच की सुविधा मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
फिलहाल सोमवार को मिलेंगी रेडियोलॉजिस्ट की सेवाएं
जिला सिरमौर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश प्रताप ने बताया कि सिविल अस्पताल सराहां में अल्ट्रासाउंड मशीन इंस्टॉल कर दी गई है। फिलहाल सिविल अस्पताल राजगढ़ से रेडियोलॉजिस्ट को सोमवार के दिन डेपुटेशन पर सराहां भेजने के आदेश जारी किए जा रहे हैं। इससे अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा शुरू हो सकेगी।
गर्भवती महिलाओं को सबसे अधिक राहत
विधायक रीना कश्यप ने बताया कि उन्होंने सिविल अस्पताल सराहां में डॉक्टरों के रिक्त पद भरने और अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाने की मांग विधानसभा में उठाई थी। मुख्यमंत्री के समक्ष भी इस समस्या को प्रमुखता से रखा गया था। सरकार की ओर से मशीन उपलब्ध करवाए जाने के बाद सोमवार से गर्भवती महिलाओं सहित अन्य मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा मिलने लगेगी। उन्होंने अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियमित नियुक्ति की मांग भी उठाई है, ताकि मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।
40 पंचायतों के मरीजों को मिलेगा लाभ
सिविल अस्पताल सराहां में पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की करीब 40 पंचायतों से मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होने से हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। अभी तक मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए सोलन, सुल्तानपुर, मेडिकल कॉलेज नाहन सहित अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ता था। इससे मरीजों और उनके तीमारदारों का समय और पैसा दोनों खर्च होते थे।
100 बिस्तरों का अस्पताल बनाने की मांग भी बरकरार
क्षेत्र के लोग लंबे समय से सिविल अस्पताल सराहां की बिस्तर क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 करने की मांग भी कर रहे हैं। इसके साथ ही अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों और अन्य स्टाफ के रिक्त पदों को भरने की जरूरत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू होना स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन इसका पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की नियमित तैनाती सुनिश्चित होगी और मरीजों को पूरे सप्ताह जांच की सुविधा उपलब्ध होगी।