Loading...

स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल ने जिला स्तरीय ताइक्वांडो में जीता ओवरऑल खिताब

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। ताइक्वांडो और एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने संयुक्त रूप से 14 पदक हासिल किए, जिनमें 3 स्वर्ण, 4 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल हैं।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में छात्राओं ने विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन किया। समृद्धि और सिमर ने स्वर्ण पदक, जबकि अनिका ने रजत और सान्वी ने कांस्य पदक हासिल किया। छात्र वर्ग में आर्यन साहनी ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं वैष्णव ने रजत पदक, जबकि युवराज, श्रव, अक्षज, अर्णव द्विवेदी और तेजस ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। डिस्कस थ्रो में पारिस शर्मा ने कांस्य पदक हासिल किया, जबकि शॉटपुट में अनाया पडवाल ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया।

इसके अतिरिक्त जिला स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा इंदिरा स्टेडियम में आयोजित अंडर-19 ताइक्वांडो एवं कराटे प्रतियोगिता में भी स्कॉलर्स यूनिफाइड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। ताइक्वांडो में कार्तिक ने रजत पदक हासिल किया। वहीं आरव शर्मा, वीरेन राणा, अनुराग, नमन और अभिजोत ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीते। कराटे प्रतियोगिता में आयुष डांगी ने कांस्य पदक हासिल किया।

विद्यालय प्रबंधन ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, उनके अभिभावकों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। प्रबंधन ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए निरंतर बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

विद्यालय की ओर से बताया गया कि जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित एथलेटिक्स खिलाड़ी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि ये खिलाड़ी राज्य स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय के साथ-साथ जिला ऊना का नाम रोशन करेंगे।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का प्रयास है कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने के लिए बेहतर मंच एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने खिलाड़ियों से राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी पूरे आत्मविश्वास और खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।

धीरज शर्मा ने खिलाड़ियों की सफलता का श्रेय उनके शिक्षकों और प्रशिक्षकों को देते हुए विशेष रूप से मनु सिंह बिंद्रा, आंचल शर्मा, संजू कुमारी और रेणुका मेहरा के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मार्गदर्शन, खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और अभिभावकों के सहयोग से ही यह शानदार उपलब्धि संभव हुई है।

स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है। पदक विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता से यह साबित कर दिया है कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर खेल के मैदान में भी नई ऊंचाइयां हासिल की जा सकती हैं।

Related Topics: • •