School Closed / ऑरेंज अलर्ट के चलते नाहन उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान 29 जुलाई को रहेंगे बंद
School Closed : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) शिमला द्वारा जिला सिरमौर के लिए 29 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद नाहन उपमंडल के सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों को एक दिन के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए गए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। हालांकि, पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी।
सिरमौर/नाहन
आईएमडी ने 29 जुलाई को जिले में अत्यधिक भारी वर्षा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने, फ्लैश फ्लड, भूस्खलन तथा अन्य मौसम संबंधी घटनाओं की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर उपमंडलाधिकारी (नागरिक) नाहन राजीव कुमार ने आदेश जारी कर नाहन उपमंडल के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय, महाविद्यालय, आईटीआई तथा आंगनवाड़ी केंद्र 29 जुलाई को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहले से निर्धारित परीक्षाओं का आयोजन तय समय-सारिणी के अनुसार ही होगा। सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता न हो।
कर्मचारियों पर पूर्व निर्देश रहेंगे लागू
आदेशों में यह भी कहा गया है कि शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों की उपस्थिति और ड्यूटी के संबंध में हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर जारी निर्देश और आदेश पूर्ववत प्रभावी रहेंगे।