School Closed: ऊना के सभी शिक्षण संस्थानों में 17 सितंबर को अवकाश, स्टाफ पर भी लागू
School Closed: ऊना जिले के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों में 17 सितंबर को अवकाश रहेगा। उच्च शिक्षा विभाग की अधिसूचना के अनुसार यह अवकाश विद्यार्थियों के साथ शिक्षण एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों पर भी लागू होगा।
ऊना/ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू की घोषणा के अनुपालन में उच्च शिक्षा विभाग ने अवकाश संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत जिले के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल, कॉलेज, बीएड कॉलेज, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यानी आईटीआई और पॉलीटेक्निक कॉलेज 17 सितंबर को बंद रहेंगे। इन संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ के लिए भी अवकाश घोषित किया गया है।
एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन के दौरान हुई थी घोषणा
ऊना में बुधवार को आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों, युवाओं और आम लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया था। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नशे के खिलाफ युवाओं की भागीदारी और एकजुटता की सराहना करते हुए 17 सितंबर को शिक्षण संस्थानों में अवकाश की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री की इसी घोषणा के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने औपचारिक अधिसूचना जारी की है।