लॉटरी व्यवस्था के खिलाफ विधानसभा परिसर में भाजपा विधायकों का प्रदर्शन, जयराम ठाकुर ने जताई चिंता
हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र के समापन से एक दिन पहले भाजपा विधायक दल ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से पूर्व विधानसभा परिसर में प्रदेश सरकार की लॉटरी व्यवस्था के खिलाफ प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विधायकों ने नारे लिखी तख्तियां लेकर लॉटरी और जुआ बंद करने के साथ रोजगार का प्रबंध करने की मांग उठाई।
शिमला
बुधवार को आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा विधायकों ने विधानसभा परिसर में नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी विधायकों के हाथों में लॉटरी व्यवस्था के विरोध से संबंधित संदेश लिखी तख्तियां थीं। विपक्ष ने सरकार की ओर से लॉटरी दोबारा शुरू करने के फैसले का विरोध करते हुए कहा कि इससे लोगों में इसकी आदत बढ़ने का खतरा है। भाजपा विधायक दल ने लॉटरी के बजाय प्रदेश में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
जयराम ठाकुर ने फैसले को प्रदेश हित के खिलाफ बताया
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि लॉटरी शुरू करने का फैसला प्रदेश के हित में नहीं है और भाजपा इसका विरोध करती है। उन्होंने दावा किया कि लॉटरी की लत भी नशे की तरह नुकसान पहुंचा सकती है। उनके अनुसार, पहले लॉटरी के कारण कई लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के बाद प्रदेश के लोग बड़ी मुश्किल से इस आदत से बाहर निकले थे, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इसे दोबारा शुरू कर दिया है।
जयराम ठाकुर ने आशंका जताई कि यह व्यवस्था नई पीढ़ी पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है और इससे प्रदेश की आर्थिक स्थिति मजबूत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए सरकार दूसरे कदम उठा सकती है। नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक, लॉटरी में किसी एक व्यक्ति को लाभ हो सकता है, लेकिन इसकी आदत लगने पर बड़ी संख्या में लोगों और उनके परिवारों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है।
