Loading...

24 घंटे बाद भी गोताखोर नहीं पहुंचे, पीसीसी अध्यक्ष विनय कुमार के सामने फूटा लोगों का गुस्सा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

रेणुका झील में नहाने के दौरान लापता हुए युवक की तलाश 24 घंटे बाद भी पूरी नहीं हो सकी, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। लोगों ने प्रशिक्षित गोताखोरों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के समय पर मौके पर न पहुंचने पर सवाल उठाए हैं। पीड़ित परिवार और स्थानीय नागरिक प्रशासन से तलाश अभियान में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं।

श्री रेणुकाजी

प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल श्री रेणुकाजी झील में नहाने के दौरान लापता हुए युवक की तलाश 24 घंटे बाद भी पूरी न होने पर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने आरोप लगाया कि घटना के एक दिन बाद भी न तो प्रशिक्षित गोताखोर मौके पर पहुंचे और न ही प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे।जानकारी के अनुसार बंगाला कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय सुमित मंगलवार दोपहर झील में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान उसके डूबने की आशंका जताई गई। घटना के बाद से युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।

बुधवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं रेणुका क्षेत्र के विधायक विनय कुमार पीड़ित परिवार से मिलने झील परिसर पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद स्थानीय लोगों ने उनके समक्ष प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए और युवक की तलाश में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त की।स्थानीय लोगों का कहना था कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बावजूद प्रशिक्षित गोताखोरों को मौके पर नहीं भेजा गया। साथ ही उपायुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, उपमंडलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक सहित किसी वरिष्ठ अधिकारी के घटनास्थल पर नहीं पहुंचने से लोगों में रोष है। उनका कहना है कि यदि समय रहते विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंचती तो तलाश अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता था।

उधर, रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी नारायण सिंह ने भी मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि घटना के 24 घंटे बाद भी गोताखोरों और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों का मौके पर न पहुंचना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसे प्रशासन की संवेदनहीनता बताते हुए युवक की तलाश के लिए तत्काल विशेषज्ञ बचाव दल तैनात करने की मांग की।घटना के बाद क्षेत्र में चिंता और बेचैनी का माहौल है। परिजन युवक के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं, जबकि स्थानीय लोग प्रशासन से तलाश अभियान में तेजी लाने की मांग कर रहे हैं।

Related Topics: